Barbigha:- जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र के पिंजड़ी गांव में खेत में पेड़ लगाने को लेकर हुए विवाद के दौरान एक व्यक्ति को हसुआ से पेट फाड़ कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. घटना बीते 11 अप्रैल की शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है.मामले को लेकर मंगलवार को बरबीघा थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया गया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिंजड़ी निवासी शशि शेखर कुमार अपने भाई साकेत भूषण के साथ खेत में सिजवन का पेड़ लगा रहे थे. इसी दौरान गांव के ही कौशल सिंह, उनके पुत्र गणेश कुमार एवं प्रद्युम्न कुमार वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए पेड़ उखाड़ने लगे. इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और फिर मारपीट होने लगी.आरोप है कि इसी दौरान कौशल सिंह ने साकेत भूषण के पेट में धारदार हथियार हसुआ से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. बीच-बचाव करने पहुंचे शशि शेखर कुमार के साथ भी मारपीट की गई.
घटना के दौरान गोली चलने और लोहे के रॉड से हमला करने का भी आरोप लगाया गया है.घायल साकेत भूषण को पहले स्थानीय स्तर पर इलाज के लिए ले जाया गया, जहां स्थिति गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने पटना रेफर कर दिया.पटना के एक निजी अस्पताल में उसका ऑपरेशन किया गया जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है.घटना को लेकर पीड़ित पक्ष ने बरबीघा थाना में
आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है. वहीं मामले को लेकर बरबीघा थाना अध्यक्ष गौरव कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है जल्द ही इस संबंध उचित करवाई किया जाएगा.
