Barbigha- जिले के बरबीघा नगर परिषद में जनसमस्याओं के समाधान को लेकर सोमवार को समाजसेवी संतोष कुमार शंकू ने जिलाधिकारी शेखर आनंद से मुलाकात की. सबसे पहले उन्होंने जिलाधिकारी को अंगवस्त्र और गुलदस्ता देकर सम्मानित किया. इस दौरान उन्होंने नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत नारायणपुर मौजा के किसानों की लंबे समय से लंबित मुआवजा संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया.
समाजसेवी सह जदयू नेता संतोष कुमार शंकु ने जिलाधिकारी को बताया कि सरकार द्वारा अधिगृहित भूमि के बदले किसानों को अब तक उचित मुआवजा नहीं मिल पाया है, जिससे वे काफी परेशान हैं. जबकि इस संबंध में पहले ही मुंगेर स्थित लारा कोर्ट में किसानों के हित में फैसला दिया जा चुका है.
इसके बावजूद किसानों को विभिन्न स्तर पर अधिकारियों के द्वारा बेवजह परेशान किया जा रहा है.उन्होंने इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए जिलाधिकारी के समक्ष समाधान के लिए सुझाव भी प्रस्तुत किए.
जिलाधिकारी ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए मामले के त्वरित समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने की बात कही.मुलाकात के बाद संतोष कुमार शंकू ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के आम लोगों की समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना उनकी प्राथमिकता रही है.उन्होंने कहा कि वे आगे भी जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे.

