शेखपुरा में गर्मी का कहर, सड़कों पर छिड़काव की तैयारी
शेखपुरा। जिले में पड़ रही चिलचिलाती धूप और हीट वेव ने आम जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। भीषण गर्मी के कारण तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी शेखर आनंद ने स्वास्थ्य विभाग, पीएचईडी एवं नगर निकाय को पेयजल आपूर्ति समेत अन्य जनहित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया है। डीएम के निर्देश पर नगर परिषद द्वारा शहर में विशेष इंतजाम किए गए हैं। नगर परिषद ने शहर के 20 स्थानों पर वाटर कूलर की व्यवस्था की है, जबकि 84 स्थानों पर स्टैंड पोस्ट स्थापित कर 24 घंटे मुफ्त पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा विभिन्न चौक-चौराहों पर जल्द ही पियाऊ केंद्र शुरू करने की तैयारी भी की जा रही है।
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विनय कुमार ने बताया कि गर्मी को देखते हुए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 84 स्टैंड पोस्ट और 20 स्थानों पर वाटर कूलर लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त 10 स्थानों पर नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। वहीं, 6 पानी के टैंकर भी उपलब्ध कराए गए हैं, जिनके माध्यम से जरूरतमंद क्षेत्रों में पानी पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि यदि तापमान और बढ़ता है तो शहर में स्प्रिंकलर के जरिए सड़कों और पेड़ों पर पानी का छिड़काव कर लोगों को राहत देने की व्यवस्था की जाएगी।
जिलाधिकारी शेखर आनंद ने आम लोगों से अपील की है कि वे मौसम विभाग और जिला प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें। उन्होंने कहा कि अत्यधिक गर्मी के दौरान बिना आवश्यकता घर से बाहर न निकलें और जरूरी होने पर सावधानी बरतें। साथ ही नगर परिषद क्षेत्र में कार्यरत कर्मियों को सुबह और शाम के समय ही काम करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि वे लू और गर्मी से बीमार न पड़ें।
