SHEIKHPURA:- नगर क्षेत्र के तीनमुहानी मोड़ स्थित रतोईया नदी पुल के समीप मंगलवार को एक तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य कई लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल गवय गांव से ई रिक्शा पर बैठकर शेखपुरा की ओर आ रहे थे।
मृतक महिला की पहचान धानोल मुसहरी टोला निवासी नरेश मांझी की पत्नी सोनी देवी के रूप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनी देवी अपने पति और बच्चों के साथ मंदना गांव स्थित ईंट-भट्ठे से काम कर लौट रही थीं। इसी दौरान रतोईया नदी पुल के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में सोनी देवी सड़क पर गिर पड़ीं और उनके ऊपर ई-रिक्शा गिर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अन्य यात्री भी सड़क पर
गिरकर घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। कार चालक मौके से फरार हो गया, वहीं ई-रिक्शा चालक भी वाहन छोड़कर भाग निकला। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को ई-रिक्शा के नीचे से बाहर निकाला और आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में परिजन सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। मृतका के पति नरेश मांझी ने बताया कि वे परिवार के साथ शेखपुरा आ रहे थे और वहां से रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने के लिए नवादा जिले के बाघी गोसपुर गांव जाने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया।
परिवार में पांच बच्चे हैं, जिनका भरण-पोषण मजदूरी कर किया जाता है। बताया जाता है कि करीब एक महीने पहले मृतका के देवर की भी सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी है। घटना की सूचना मिलते ही यातायात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। गौरतलब है कि बाईपास क्षेत्र में ई-रिक्शा संचालन पर पाबंदी के बावजूद चालक नियमों की अनदेखी कर सवारियों को ढो रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है। परिजनों ने जिला प्रशासन से मुआवजा देने तथा दोषी वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। राजस्थानी लोगों ने घटनास्थल के पास स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है।
