Barbigha:-शेखपुरा जिले के बरबीघा प्रखंड अंतर्गत जय माता दी ईंट भट्ठा पर विश्व मजदूर दिवस के अवसर पर एक सराहनीय पहल की शुरुआत की गई. प्रोजेक्ट स्वाभिमान के तहत जिलाधिकारी शेखर आनंद के द्वारा “अक्षर लर्निंग केंद्र” का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया गया.इस पहल के तहत अब ईंट भट्ठा पर काम करने वाले मजदूरों के बच्चों को वहीं पर बुनियादी शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी.उद्घाटन के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों से बातचीत कर उनका हाल-चाल जाना और पढ़ाई
के प्रति उन्हें प्रोत्साहित किया.डीएम ने खुद अपने हाथों से बच्चों के बीच बैग, किताब, कॉपी, पेंसिल आदि पठन-पाठन सामग्री का वितरण भी किया.उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग तक शिक्षा पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है, खासकर उन बच्चों तक जो संसाधनों के अभाव में स्कूल नहीं जा पाते.डीएम ने कहा कि विश्व मजदूर दिवस हमें यह याद दिलाता है कि हमारे समाज के निर्माण में मजदूरों की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है.इसलिए मजदूरों और उनके बच्चों का भविष्य उज्जवल बनाने की सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी भी होती है.

इसलिए अब मजदूरों को राशन कार्ड,लेबर कार्ड, और जीविका समूह से जोड़ने के साथ-साथ उनके बच्चों को शिक्षित करने के लिए अच्छर लर्निंग सेंटर की शुरुआत की गई है.अक्षर लर्निंग केंद्र जैसी पहल से हम यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे हैं कि मजदूरों के बच्चे भी शिक्षा से वंचित न रहें और उन्हें आगे बढ़ने का समान अवसर मिले.उन्होंने आगे कहा कि यह केंद्र बच्चों को सिर्फ पढ़ना-लिखना ही नहीं सिखाएगा, बल्कि उनके भीतर आत्मविश्वास और बेहतर भविष्य की नींव भी
रखेगा.स्थानीय लोगों और मजदूर परिवारों ने इस पहल का स्वागत किया और प्रशासन के प्रति आभार जताया. अभिभावकों का कहना है कि अब उनके बच्चों को शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे उनकी पढ़ाई नियमित रूप से हो सकेगी.इस अवसर पर संबंधित विभाग के अधिकारी, भट्ठा संचालक, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में मजदूर परिवार मौजूद रहे। यह पहल क्षेत्र में शिक्षा के प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
