बरबीघा:-जिले के मिशन थाना क्षेत्र अंतर्गत बरबीघा नगर परिषद के सामाचक मोहल्ले में गुरुवार की सांध्य पटना से पहुंची एसटीएफ की टीम द्वारा छापेमारी किया गया.टीम ने छापेमारी कर गर्भवती भाभी की हत्या के मामले में पिछले एक साल से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सामाचक मोहल्ला निवासी लाल बहादुर पासवान के पुत्र बबलू पासवान उर्फ कारू पासवान के रूप में की गई है.गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ की टीम ने आरोपी को स्थानीय मिशन थाना पुलिस के हवाले कर दिया. मिशन थाना अध्यक्ष आदित्य रंजन ने बताया कि पिछले वर्ष बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद के दौरान आरोपी ने गुस्से में अपनी गर्भवती भाभी के पेट पर लात मार दी थी.
गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए पटना ले जाया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी.घटना के बाद मृतका के परिजनों द्वारा मिशन थाना में आरोपी के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था और गुजरात में छिपकर रह रहा था. पुलिस को सूचना मिली कि वह एक दिन पूर्व ही अपने घर लौटा है.
इसके बाद एसटीएफ ने मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया.थाना अध्यक्ष ने बताया कि आरोपी की लंबे समय तक गिरफ्तारी नहीं होने के कारण न्यायालय द्वारा उसके विरुद्ध कुर्की-जब्ती से पूर्व इस्तहार वारंट भी जारी किया गया था. मिशन थाना अध्यक्ष आदित्य रंजन ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया.
