दिल्ली में खगड़िया जिले के रहने वाले युवक पांडव कुमार की हुई निर्मम हत्या को लेकर बिहार में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए कैंडल मार्च निकाला और पांडव कुमार को न्याय दिलाने की मांग बुलंद की।
यह आक्रोशपूर्ण कैंडल मार्च स्टेशन रोड स्थित जन सुराज कार्यालय से शुरू हुआ, जो चांदनी चौक तक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर मृतक पांडव कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित की और दिल्ली में हुई इस दर्दनाक घटना के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
“न्याय दो, न्याय दो” और “बिहारियों पर अत्याचार बंद करो” जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। प्रदर्शन में गोपाल कुमार, मोहम्मद रजी, मोहम्मद कईम, कुंदन यादव, विकास कुमार, संजीव कुमार समेत दर्जनों कार्यकर्ता शामिल रहे।जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने साफ कहा कि यह कैंडल मार्च सिर्फ श्रद्धांजलि देने तक सीमित नहीं है, बल्कि पांडव कुमार को इंसाफ दिलाने की लड़ाई की शुरुआत है।
उन्होंने कहा कि जब तक दोषियों को सजा नहीं मिलती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।कार्यकर्ताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि जन सुराज पार्टी हर मंच पर इस मुद्दे को उठाएगी और किसी भी बिहारी के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल इस घटना को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है और न्याय की मांग लगातार तेज होती जा रही है।
