एसपी ने लगाया जनता दरबार, 13 फरियादियों की सुनी शिकायतें

सेवा संवाद समाधान कार्यक्रम के तहत आयोजन, संबंधित थानाध्यक्षों को जांच कर कार्रवाई का निर्देशशेखपुरा।

जिला पुलिस प्रशासन द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला पुलिस कार्यालय में सेवा संवाद समाधान कार्यक्रम के तहत जनता दरबार का आयोजन किया गया। एसपी बलिराम कुमार चौधरी ने जनता दरबार में पहुंचे 13 फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित थानाध्यक्षों को मामलों की जांच कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

तेज धूप और उमस भरी गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायत लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे। कार्यक्रम राज्य पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। बताया गया कि जिले के सभी थानों से लेकर एसपी कार्यालय तक प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को इस प्रकार का जनता दरबार लगाया जा रहा है।

जनता दरबार में प्राथमिकी दर्ज कराने, अभियुक्तों की गिरफ्तारी में देरी, भूमि विवाद, रास्ता एवं गली विवाद समेत विभिन्न प्रकार के मामले सामने आए। एसपी ने सभी फरियादियों की समस्याओं को क्रमवार सुना और संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस मौके पर एसपी बलिराम कुमार चौधरी ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम लोगों के बीच पुलिस की विश्वसनीयता बढ़ाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पुलिस की पहुंच सुनिश्चित करने और लोगों के साथ दोस्ताना संबंध स्थापित करने के लिए ऐसे कार्यक्रम जरूरी हैं।जनता दरबार के दौरान कई पुलिस पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।


Posted

in

by

Tags: