Barbigha:-जिले के पुलिस अधीक्षक हिमांशु कुमार ने बुधबार को बरबीघा थाना परिसर में आमजन, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों के साथ बैठक कर शहर की कानून-व्यवस्था एवं जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की. बैठक में लोगों ने मुख्य रूप से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था, अतिक्रमण और सुरक्षा संबंधी समस्याएं उठाईं तथा उनके समाधान के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए.बैठक में शहर की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था का मुद्दा सबसे प्रमुख रहा. लोगों ने सुझाव दिया कि ई-रिक्शा (टोटो) के लिए निर्धारित स्टैंड बनाया जाए और सभी टोटो चालकों को वहीं से परिचालन करने का निर्देश दिया जाए, ताकि मुख्य सड़कों पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिल सके.
इसके अलावा थाना चौक समेत शहर के प्रमुख स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई.एसपी ने संबंधित अधिकारियों को इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे.वही बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने बरबीघा थानाध्यक्ष गौरव कुमार को रात्रि में चौकीदारों के माध्यम से साइकिल गश्ती कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि नियमित गश्ती से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के साथ-साथ आम लोगों में सुरक्षा की भावना भी मजबूत होगी.एसपी ने कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर बल दिया.
उन्होंने कहा कि पुलिस जनता के सहयोग से ही अपराध नियंत्रण और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सफल हो सकती है.बैठक में मौजूद लोगों ने भी पुलिस के साथ सहयोग करने का भरोसा दिलाया. इस बैठक में एएसपी डॉ राकेश कुमार, थाना अध्यक्ष गौरव कुमार,समाजसेवी संतोष कुमार शंकु, प्रमोद चंद्रवंशी, मंटू कुमार, सुधीर सिंह, जदयू के प्रखंड अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, प्रखंड प्रमुख विनोद राम,मनोज कुमार सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित रहे.
