नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ सह अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित

बरबीघा:- जिले के एसकेआर कॉलेज, बरबीघा में गुरुवार को स्नातक प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ सह अभिमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, यूजी-सीबीसीएस पाठ्यक्रम, अनुशासन, छात्र सहायता सेवाओं तथा सह-पाठ्यक्रम एवं पाठ्येतर गतिविधियों की जानकारी देना था.कार्यक्रम की शुरुआत एनसीसी कैडेट्स द्वारा विद्यार्थियों के स्वागत एवं पंजीकरण से हुई.

इसके बाद प्राचार्य प्रो. संजय कुमार एवं शिक्षकों ने बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह तथा महाविद्यालय के संस्थापक लाला बाबू के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना एवं महाविद्यालय गान के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ.प्राचार्य प्रो. संजय कुमार ने विद्यार्थियों को अनुशासन, नियमित अध्ययन, समयपालन एवं नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देते हुए कहा कि महाविद्यालय जीवन केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व एवं नेतृत्व क्षमता के विकास का अवसर भी है.

अनुभाग पदाधिकारी संतोष कुमार ने महाविद्यालय के इतिहास, उपलब्धियों, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी दी.इतिहास विभागाध्यक्ष अशोक कुमार ने यूजी-सीबीसीएस पाठ्यक्रम, क्रेडिट प्रणाली एवं परीक्षा व्यवस्था की जानकारी दी. वहीं अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. मनीष कुमार ने आचार संहिता, एंटी-रेगिंग सेल, मेंटरिंग प्रणाली, शिकायत निवारण प्रकोष्ठ तथा कैरियर गाइडेंस एवं प्लेसमेंट सेल के बारे में विस्तार से बताया.

विशेष सत्र में डॉ. विद्या प्रकाश मौर्य, डॉ. राज गोपाल, परितोष कुमार, डॉ. सुजाता कुमारी एवं अन्य शिक्षकों ने राष्ट्रीय सेवा योजना, एनसीसी, खेलकूद, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया. संवादात्मक सत्र में विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया. अंत में वरिष्ठ छात्र अभिषेक के नेतृत्व में छात्र-शपथ ग्रहण कराया गया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. विद्या प्रकाश मौर्य ने करते हुए सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया.

उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का विशेष रूप से धन्यवाद किया. कार्यक्रम के बाद नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय परिसर, पुस्तकालय एवं विभिन्न विभागों का भ्रमण भी कराया गया.


Posted

in

by

Tags: