मौलिक अधिकारों के साथ कर्तव्यों के पालन से ही मजबूत होगा लोकतंत्र : एएसपी

Barbigha:-जिले के बरबीघा प्रखंड के कुटौत गांव स्थित डीएसवी विद्यालय में रविवार को “मौलिक अधिकार और कर्तव्य” विषय पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिले के एएसपी डॉ. राकेश कुमार तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजवादी नेता शिवकुमार, पूर्व सिविल सर्जन डॉ. के. पुरुषोत्तम, अधिवक्ता विपिन कुमार, प्रो. रमाकांत प्रसाद सिंह, डिवाइन लाइट पब्लिक स्कूल के प्राचार्य सुधांशु शेखर, एसकेआर कॉलेज बरबीघा के प्राचार्य प्रो. डॉ. संजय कुमार, वरिष्ठ शिक्षक अरविंद मानव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन अतिथियों के स्वागत के साथ हुई. आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना भेंट कर सम्मानित किया. मंच संचालन डॉ. साधना कश्यप एवं शिक्षक कुणाल कुमार ने संयुक्त रूप से किया.इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एएसपी डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देता है, लेकिन इन अधिकारों की रक्षा तभी संभव है

जब प्रत्येक नागरिक अपने मौलिक कर्तव्यों का भी ईमानदारी से पालन करे.उन्होंने युवाओं से संविधान के प्रति जागरूक रहने, कानून का सम्मान करने और समाज में भाईचारे की भावना विकसित करने का आह्वान किया.उन्होंने कहा कि अधिकार और कर्तव्य एक-दूसरे के पूरक हैं तथा इनके संतुलन से ही लोकतंत्र मजबूत होता है.

समाजवादी नेता शिवकुमार ने कहा कि संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समान अवसर और मानवीय मूल्यों की आधारशिला है. उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को संविधान की मूल भावना को समझते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए. प्रो. रमाकांत प्रसाद सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मौलिक अधिकार नागरिकों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने की गारंटी देते हैं, वहीं मौलिक कर्तव्य राष्ट्र निर्माण की दिशा तय करते हैं.

उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों का पालन ईमानदारी से करे तो देश की अधिकांश सामाजिक समस्याओं का समाधान स्वतः हो सकता है.उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान का अध्ययन करने और उसके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की.
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. साधना कश्यप,

आईआईटियन वैभव कश्यप, एलएलबी के विद्यार्थी अभिनंदन कुमार, समाजसेवी रौशन कुमार, डीएसवी स्कूल के संचालक गुलशन कुमार सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. सेमिनार में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं स्थानीय लोगों ने भाग लेकर संविधान के प्रति जागरूकता का संदेश ग्रहण किया.


Posted

in

by

Tags: