विवादित जमीन को लेकर धमकी, कब्जे के प्रयास और घर में घुसकर सामान निकालने का आरोप, प्राथमिकी दर्ज


शेखपुरा: शहर के गिरिहिंडा स्थित कॉलेज मोड़ इलाके में विवादित जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले में सैयद अरशद नसर के आवेदन पर शेखपुरा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में मुकुल कुमार, सुबोध कुमार समेत कई अज्ञात लोगों को नामजद और आरोपित बनाया गया है।आवेदक ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि

कॉलेज मोड़ स्थित विवादित संपत्ति को लेकर मामला न्यायालय में विचाराधीन है तथा दोनों पक्षों की ओर से न्यायालय में वाद और आपत्तियां भी दायर की गई हैं। इसके बावजूद आरोपित पक्ष द्वारा लगातार जमीन खाली कराने और परिवार को वहां से हटाने का दबाव बनाया जा रहा था।आरोप है कि चार जुलाई की शाम करीब सात बजे आवेदक अपनी पत्नी के साथ घर के पास मौजूद थे, तभी कुछ लोग वहां पहुंचे और सड़क पर मोरंग गिराकर रास्ता अवरुद्ध करने का प्रयास किया।

इस दौरान घटना का विरोध करने पर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। आवेदक का आरोप है कि इसी बीच उन्हें जानकारी मिली कि आरोपित पक्ष द्वारा उनके घर के आसपास कुछ लोगों को इकट्ठा किया जा रहा है।
प्राथमिकी के अनुसार, उसी दिन जब आवेदक और उनकी पत्नी किसी काम से बाहर गए हुए थे, तब आरोपितों ने मौके का फायदा उठाकर घर के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और पीछे के रास्ते से घर में प्रवेश कर घरेलू सामान बाहर निकाल लिया।

आवेदन में करीब एक लाख रुपये मूल्य के घरेलू सामान, जिसमें बर्तन, कपड़े, बिस्तर और अन्य उपयोगी वस्तुएं शामिल हैं, को हटाने और ले जाने का आरोप लगाया गया है।पीड़ित ने आरोप लगाया है कि अगले दिन सुबह आरोपित पक्ष फिर से कुछ लोगों के साथ मौके पर पहुंचा और जमीन खाली नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इसके बाद दोबारा कुछ लोगों के साथ पहुंचकर परिवार को डराने-धमकाने और जल्द से जल्द जगह खाली करने का दबाव बनाया गया।

आवेदक ने अपनी पत्नी और पांच वर्षीय पुत्र की सुरक्षा को लेकर भी चिंता व्यक्त की है।घटना की सूचना स्थानीय पुलिस और डायल-112 को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पीड़ित ने पुलिस से आरोपितों की गिरफ्तारी, परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


Posted

in

by

Tags: