पइन उड़ाही में गड़बड़ी का आरोप, ग्रामीणों ने डीएम व विधायक को दिया आवेदन

शेखपुरा। जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र में चल रहे पइन उड़ाही कार्य में भारी अनियमितता का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जांच कर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में ग्रामीणों ने डीएम एवं स्थानीय विधायक कुमार पुष्पपंजय को आवेदन सौंपा है।
मामला शेखूपुरसराय प्रखंड क्षेत्र के बेलाव से बरबीघा तक संचालित सिंचाई योजना से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि सिंचाई विभाग द्वारा पइन उड़ाही का कार्य कराया जा रहा है, जिसमें छह महिया पुल से लेकर मालदा आहरा तक खुदाई का काम चल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि संवेदक द्वारा मनमाने तरीके से बिना अमीन से मापी कराए ही खुदाई कराई जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि गलत तरीके से उड़ाही किए जाने के कारण कई किसानों की निजी जमीन भी पइन में शामिल हो रही है। वहीं, कुछ स्थानीय लोगों से मिलीभगत कर अतिक्रमित हिस्सों को छोड़ दिया जा रहा है, जिससे कार्य की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं।
इस संबंध में ग्रामीण गौतम सिंह, अशोक प्रसाद, अमित आर्य, अरुण कुमार, रंजीत कुमार, पप्पू कुमार, दीपक कुमार सहित अन्य ने बताया कि बेला मौजा के खाता संख्या 222, खेसरा संख्या 262, रकबा 84 डिसमिल जमीन पर कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण कर मकान बना लिया गया है। जिसमें हजारी यादव, विनेश्वर यादव, सुरेश यादव, सिद्धेश्वर यादव, मधुसूदन यादव सहित अन्य कई लोग शामिल हैं। आरोप है कि उड़ाही के दौरान इन अतिक्रमणों को नजरअंदाज किया जा रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि अमीन द्वारा वास्तविक पइन की मापी कराकर ही उड़ाही का कार्य कराया जाए, ताकि सिंचाई व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके और किसानों के खेतों तक पानी पहुंच सके। साथ ही, अतिक्रमण कर बनाए गए मकानों पर भी कार्रवाई की मांग की गई है।
मामले को लेकर डीएम ने जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


Posted

in

by

Tags:

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *